Thursday, 10 October 2019

आसिफा के लिए आखरी लोरी

आसिफा के लिए आखिरी लोरी
-अंशु मालवीय

सोजा बिटिया आख़िरी निंदिया
सपने में एक जंगल होगा
रंग-बिरंगे घोड़े होंगे 
उनके पीछे तेरे पाँव भी
तितली जैसे दौड़े होंगे

सपने में एक चश्मा होगा
मीठा पानी अपना होगा
चश्में पे कुछ ऊन की भेड़ें
बस हरियाली जपना होगा

ऊन की भेड़ों का रखवाला  
बूढ़ा ख़ुदा भी जानने वाला
उसको दुआ-सलाम करेंगे
बाकी अपना काम करेंगे

सपनों में एक परबत होगा
परबत पर जब धूप खिलेगी
बूँद-बूँद फिर शरबत होगा
अपना तन-मन सरबस होगा

सपने में एक वतन भी होगा
फूलों का एक कफ़न भी होगा
कफ़न को लेकर बादल आएं
और आग का समन भी होगा

फिर हम तुमको छोड़ आएँगे
जंगल में फिर छोड़ आएँगे
जब तुम हमें आवाज़ें दोगी
हम तुमसे मुख मोड़ आएँगे

लौट के आएँगे शर्मिंदा
होके अपनी लाश पे ज़िन्दा
याद तुम्हारी लौटेगी फिर
ख़ून से लथपथ एक परिन्दा

लौट के आएँगे शर्मिंदा
होके अपनी लाश पे ज़िन्दा
राष्ट्रगान को नौहे जैसा दोहराएँगे
सबसे प्यारा वतन हमारा
झंडा ऊँचा रहे हमारा...

Anshu Malviya

No comments:

Post a Comment