Thursday, 10 October 2019

मां

अंशु मालवीय के कविता संग्रह तिंगोंड़वा से एक और कविता,,,,,,,

चलो भाई अब हम दोनों भी बूढ़े हो लें

कमरे की दक्खिन दीवार पर
माँ
पेन्टिंग जामिनी राय की

सफ़ेद साड़ी
लाल किनारी
बड़ी आँखों वाली
सादी सी माँ
अब के बदलते मौसमों में
सादगी पर धब्बा उभरा एक
धब्बा बढ़ा,
परली ओर दीवार के
पलस्तर नहीं था
वहीं से पैठी नमी
कोहरे का एक बादल
उमड़ने लगा
नमी
सीलन
कोहरा,
कुहासे का फैलना
मद्धिम होने लगे रंग
एक दिन देखा
धुँधली थी तस्वीर
जर्जर होते फेफड़े जैसी
शीशे के अंदर फैली धुंध
सामने खड़ा था मैं
शीशे के भीतर मेरे चेहरे पर
रिसने लगी बूँदें
वक़्त ने सीलन दर्ज़ कर दी हमारे चेहरों पर
चलो भाई
अब हम दोनों भी बूढ़े हो लें
अब तो माँ भी नहीं रही

No comments:

Post a Comment