हिबा की आँखें
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
जैसे हों चिनार के पत्ते
झील के पानी पर हैं तिरते।
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
जैसे हो कश्मीर का मौसम
थोड़ा शीतल थोड़ा सा नम।
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
जैसे ट्यूलिप। की पँखुड़ियाँ
पंख फैलाए जैसे चिड़िया।
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
जैसे बचपन की हो पाँखें
हवा में हिलती नन्ही शाखें।
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
जैसे आज़ादी के नग़मे
जैसे हों इंसाफ के सपने
हिबा !ये आँखें हमको दे दो
इनको ख़ून से नहलायेंगे
आज़ादी के सारे नग़मे
सारे ही इन्साफ़ के सपने
इक इक कर के धुल जाएँगे।
हिबा ये आँखें हमको दे दो
राष्ट्र तुम्हारा माँग रहा है
हम हैं आँखों के ब्यौपारी
सपनों की सरमायेदारी
राष्ट्र, बस इतना माँग रहा है।
हिबा ये आँखें हमको दे दो
हम तुमको मुस्तक़बिल देंगे
जब भी तुम ठोकर खाओगी
अँधियारे से घबराओगी
राहनुमा एक क़ातिल देंगे
हिबा की आँखें सबसे सुंदर
हिबा! ये आँखें हमको दे दो
ख़ून आलूदा सपने ले लो।
अंशु मालवीय
27/8/19
No comments:
Post a Comment